कोंडागांव में ओलावृष्टि, 7 जिलों में यलो अलर्ट, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अप्रैल के दूसरे सप्ताह में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। रविवार को कोंडागांव जिले में तेज आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने की घटनाएं सामने आईं। वहीं, राज्य के कई जिलों में बूंदाबांदी और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

कोंडागांव में ओले गिरे, छप्पर उड़ गए

कोंडागांव में आए तेज तूफान और ओलावृष्टि ने कई ग्रामीण इलाकों में नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं से कई घरों के छप्पर उड़ गए, वहीं खेतों में खड़ी फसलें भी प्रभावित हुईं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह स्थिति वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बनी है।

इन 7 जिलों के लिए यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बेमेतरा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा और मुंगेली जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

19 जिलों में बूंदाबांदी के संकेत

राज्य के 19 अन्य जिलों में भी अगले 24 से 48 घंटे में बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, लेकिन सप्ताह के अंत तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

राजधानी रायपुर का हाल

सोमवार को रायपुर में मौसम मिला-जुला रहा। दिन भर धूप और हल्के बादलों का खेल चलता रहा। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

  • रविवार को रिकॉर्ड तापमान:

    • अधिकतम तापमान: 39.8 डिग्री (सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक)

    • न्यूनतम तापमान: 25.5 डिग्री (सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा)

सरगुजा और अंबिकापुर में भी असर

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर सरगुजा संभाग में भी दिखा, जहां रविवार को कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 3 डिग्री कम है। जबकि रात का पारा 21.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *