रायपुर।छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। सरकार ने कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवादी) और इसके छह फ्रंटल संगठनों पर प्रतिबंध की अवधि एक वर्ष के लिए और बढ़ा दी है। यह फैसला छत्तीसगढ़ विशेष जन सुरक्षा अधिनियम, 2005 के तहत लिया गया है।
प्रतिबंधित संगठन:
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में जिन छह संगठनों पर प्रतिबंध जारी रखने की बात कही गई है, वे हैं:
-
दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संघ
-
क्रांतिकारी आदिवासी महिला संघ
-
क्रांतिकारी आदिवासी बालक संघ
-
क्रांतिकारी किसान कमेटी
-
महिला मुक्ति मंच
-
नेशनल रिवोल्यूशनरी पीपुल्स काउंसिल (जनताना सरकार)
इन सभी संगठनों को CPI (माओवादी) का फ्रंटल संगठन माना गया है, जो नक्सली गतिविधियों को जमीनी स्तर पर समर्थन देते हैं।
NIA की बड़ी कार्रवाई: MBM नेता रघु मिडियामी गिरफ्तार
इस बीच, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने छत्तीसगढ़ में आतंकी फंडिंग से जुड़े एक बड़े मामले में मूलवासी बचाओ मंच (MBM) के नेता रघु मिडियामी को गिरफ्तार किया है। यह संगठन पहले से ही छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रतिबंधित है।
भारत विरोधी एजेंडे के लिए जुटा रहा था फंड
NIA की जांच में खुलासा हुआ है कि:
-
रघु मिडियामी CPI (माओवादी) के लिए फंडिंग नेटवर्क का हिस्सा था।
-
वह स्थानीय स्तर पर धन एकत्र करने और उसका वितरण करने वाला नोडल व्यक्ति था।
-
उसका उद्देश्य था माओवादी विरोध प्रदर्शनों और भारत विरोधी अभियानों को आर्थिक समर्थन देना।
NIA ने इस मामले में RC-02/2023/NIA/RPR के तहत कार्यवाही की है। इससे पहले नवंबर 2023 में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए थे, जिनसे ₹6 लाख नकद बरामद हुए थे। उनकी पहचान भी MBM के ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) के रूप में हुई थी।