जमीन विवाद में पति-पत्नी ने मिलकर महिला से दुष्कर्म कर हत्या की कोशिश, दोनों गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। किरंदुल थाना क्षेत्र में पति-पत्नी ने मिलकर एक महिला से दुष्कर्म किया और उसकी हत्या की कोशिश की। पीड़िता के गंभीर रूप से घायल होने के बाद पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले महिला से दुष्कर्म किया, गला दबाकर हत्या का प्रयास किया और फिर प्राइवेट पार्ट पर हमला कर फरार हो गया।

जमीन विवाद बना वारदात की वजह

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी लखमा कुंजाम और उसकी पहली पत्नी कुमे कुंजाम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि पीड़िता के पास जमीन है, लेकिन वह उसे आरोपी को देने के बजाय किसी अन्य को खेती के लिए देती थी। इसी रंजिश के चलते दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पीड़िता की शिकायत और जांच के आधार पर पुलिस ने लखमा कुंजाम और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ बीएनएस 109 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इलाके में दहशत का माहौल

घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *